‘कम सेलरी के कारण मा​नसिक, आर्थिक परेशानियां बढ़ी’:संविदा नर्सिंग कार्मिकों ने गिनाई समस्याएं, नियमित भर्ती की मांग

जयपुर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के हजारों संविदा नर्सिंग कार्मिकों ने राज्य सरकार से नियमित भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग की है। इन कार्मिकों ने अपनी मांग को लेकर सीएमएचओ साजिद खान को एक ज्ञापन सौंपा। नर्सिंग कार्मिकों का कहना है कि वे जनता क्लिनिक सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं में पिछले 8-10 वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं। अब वे अपनी उम्र के अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे उनके भविष्य को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। कार्मिकों ने मांग की है कि वर्ष 2018 और 2023 की तर्ज पर, तथा चिकित्सा नियम 1965 के तहत, 12,000 नर्सिंग ऑफिसर और 7,000 एएनएम पदों पर भर्ती का विज्ञापन जल्द जारी किया जाए। उन्होंने यह भी अपील की है कि भर्ती प्रक्रिया में पूर्ववत मेरिट के साथ 10, 20 और 30 बोनस अंकों का लाभ दिया जाए। इससे लंबे समय से कार्यरत संविदा नर्सिंग कार्मिकों को नियमित होने का अवसर मिल सकेगा। नियमित भर्ती में प्राथमिकता देने की मांग
संविदा कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि वे अत्यंत अल्प वेतन पर कार्य कर रहे हैं, जिसके कारण उन्हें मानसिक, आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उनका कहना है कि सरकार द्वारा संविदा नर्सेज को नियमित करने का जो वादा किया गया था, वह अब तक पूरा नहीं हुआ है। नर्सिंग कार्मिकों ने सरकार से अपील की है कि उनके हितों और भविष्य को ध्यान में रखते हुए आगामी नियमित भर्ती में उन्हें प्राथमिकता दी जाए और भर्ती विज्ञापन शीघ्र जारी किया जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *