पत्नी को नहीं भेजने से नाराज दामाद शुक्रवार शाम को अपने जैकेट में तलवार छुपाकर लाया और ताबड़तोड़ कई वार कर अपनी पत्नी, सास–ससुर को घायल कर फरार हो गया। दो घायलों को जोधपुर रेफर किया गया। ये घटना वहां लगे cctv कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश में नाकाबंदी करवाई है। घटना पाली शहर के रामदेव रोड महात्मा गांधी कॉलोनी में शुक्रवार शाम करीब छह बजे हुई। घटना के वक्त 58 साल के जगदीश जोशी अपनी पत्नी और परिवार के अन्य मेंबर के साथ घर में ही थी। रैन (मेड़ता सिटी) हाल जोधपुर निवासी उनका दामाद अजय जोशी आया और अचानक जैकेट में छुपाकर लाई तलवार निकाली और अपनी पत्नी आशा पर वार करने भागा। आशा घर से बाहर भागी तो आरोपी भी पीछे पीछे बाहर भागा और तलवार से हमला कर उसका हाथ काट दिया। बचाने आए अपनी सास–ससुर दुर्गा और जगदीश को भी घायल कर मौके से फरार हो गया। 2 घायल जोधपुर रेफर इस हमले में पाली के कोतवाली थाना एरिया के महात्मा गांधी कॉलोनी में रहने वाले 58 साल के जगदीश जोशी पुत्र भंवरलाल जोशी, उनकी 55 साल की पत्नी दुर्गा और 36 साल की बेटी आशा घायल हो गया। तीनों को इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाए। जहां से जगदीश और दुर्गा को जोधपुर रेफर किया गया।


