डीग जिले में अवैध खनन पर अंकुश लगाने और वैध खनन को नियमों के दायरे में रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट उत्सव कौशल और जिला पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश मीना ने पहाड़ी उपखंड के नांगल माइनिंग जोन का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर और एसपी ने माइनिंग जोन में चल रहे ड्रोन सर्वे की कार्यप्रणाली का तकनीकी मुआयना किया। जिला कलेक्टर कौशल ने खनि अभियंता को निर्देश दिए कि ड्रोन सर्वे के डेटा का मिलान धरातल पर आवंटित पिलर्स (सीमा चिन्हों) से किया जाए। उन्होंने स्वयं आवंटित लीज क्षेत्र के पिलर्स का अवलोकन कर यह सुनिश्चित किया कि खनन कार्य निर्धारित भौगोलिक सीमा के भीतर ही हो रहा है। भ्रमण के दौरान, दो संदिग्ध डंपर दिखे, जिन्हें तत्काल रुकवाया गया। अधिकारियों ने मौके पर ही दोनों डंपरों को निरुद्ध कर अग्रिम विधिक कार्यवाही के लिए परिवहन विभाग को सौंप दिया। इस त्वरित कार्रवाई से प्रशासन ने नियमों की अवहेलना करने वाले वाहनों के प्रति सख्त संदेश दिया है। निरीक्षण के समय नांगल जोन में संचालित स्टोन क्रशर बंद पाए गए। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि क्रशर का संचालन पर्यावरण और खनन विभाग के सभी मापदंडों की पूर्ण पालना के साथ ही हो। इस औचक निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी पहाड़ी मुकुल दीक्षित, खनि अभियंता के.सी. गोयल, तहसीलदार पहाड़ी, पुलिस उपाधीक्षक पहाड़ी सहित राजस्व, पुलिस और खनन विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


