आदिवासी छात्रों ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर गाया राष्ट्रगान:200 फीट तिरंगे के साथ सरदार पटेल की 150वीं जयंती मनाई

राजस्थान के आदिवासी छात्रों ने गुजरात में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती मनाई। राजकीय जनजातीय आवासीय स्कूल के शैक्षणिक भ्रमण दल ने इस अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान छात्रों ने 200 फीट लंबा तिरंगा लेकर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में एक रैली निकाली। उन्होंने “भारत माता की जय” के नारे लगाए और सामूहिक रूप से राष्ट्रगान “जन-गण-मन” का गायन किया। विद्यार्थियों ने सरदार पटेल की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित किए और “सरदार वल्लभभाई पटेल अमर रहें” तथा “वंदे मातरम्” के नारे लगाए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जारी 150 रुपए के स्मृति सिक्के का बैनर भी प्रदर्शित किया। छात्रों ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के संग्रहालय का भी भ्रमण किया। सरदार सरोवर बांध के सामने आदिवासी विद्यार्थियों ने अपनी लोक संस्कृति के संरक्षण और प्रचार के लिए टीमली नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति को देखने के लिए देश-विदेश से आए पर्यटक भी मौजूद थे। इस शैक्षणिक भ्रमण दल में राजकीय जनजातीय आवासीय स्कूल के प्रधानाचार्य गजेंद्र बेंदा, छात्रावास अधीक्षक खीम सिंह मीणा, योग शिक्षक ललित मेघवाल, प्रवीण कुमार, रताराम और शंकर लाल सहित अन्य स्टाफ का सहयोग रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *