सलूम्बर पुलिस ने अपने ही मासी के बेटे की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक राजेश यादव के निर्देश पर थाना लसाडिय़ा पुलिस टीम ने की। आरोपी ने अपनी पत्नी से विवाद के दौरान बीच-बचाव करने आए चचेरे भाई को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया था। यह घटना 13 दिसंबर को हुई थी। उदयपुर के कानोड़ निवासी शंकर मीणा (67) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका बेटा फेंकलाल मीणा आरोपी मेरा उर्फ फेंकलाल मीणा के घर गया था। उस समय आरोपी का अपनी पत्नी से झगड़ा चल रहा था। फेंकलाल मीणा ने विवाद में बीच-बचाव करने की कोशिश की, जिस पर आरोपी ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। मारपीट के बाद घायल फेंकलाल मीणा को उचित इलाज नहीं मिल पाया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस जांच में यह मामला हत्या का प्रमाणित होने पर आरोपी की तलाश शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और वृत्ताधिकारी सलूम्बर के सुपरविजन में लसाड़िया थाना पुलिस टीम ने आरोपी मेरा उर्फ फेंकलाल मीणा को गिरफ्तार किया। आरोपी गेना मीणा का बेटा है और धोलिया फला, जोधावट, थाना लसाड़िया, जिला सलूम्बर का निवासी है। उसे माननीय न्यायालय में पेश किया गया। इस पूरी कार्रवाई में थानाधिकारी भरत सिंह राजपुरोहित के साथ हेड कॉन्स्टेबल और कॉन्स्टेबल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


