निजी क्लिनिक पर इंजेक्शन के बाद युवक की मौत:परिजनों-समाजजनों ने किया विरोध, डॉक्टर का लाइसेंस रद्द करने की मांग

प्रतापगढ़ में एक निजी क्लिनिक पर इलाज के दौरान 42 वर्षीय युवक की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के तीन दिन बाद परिजनों और समाजजनों ने क्लिनिक पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और डॉक्टर के लाइसेंस रद्द करने की मांग की। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर डॉक्टर से पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, लालपुरा थड़ा निवासी उम्मेद सिंह राजपूत (42) को 24 दिसंबर को सुबह करीब 11:20 बजे चक्कर और सिरदर्द की शिकायत के साथ नई आबादी स्थित सोनी क्लिनिक लाया गया था। परिजनों का आरोप है कि क्लिनिक पर चिकित्सक ने बिना विस्तृत जांच किए उन्हें इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन के बाद उम्मेद सिंह को बिस्तर पर लिटा दिया गया। इसी दौरान उनकी पत्नी का फोन आया, जिसमें तबीयत बिगड़ने की जानकारी दी गई। परिजनों का आरोप है कि बार-बार बुलाने पर भी डॉक्टर मौके पर नहीं आए और मरीज की हालत बिगड़ती चली गई, जिसके बाद उनकी मृत्यु हो गई। उसी दिन परिजन शव को घर ले गए थे। परिजनों ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में किडनी और हार्ट फेल होने की बात सामने आई है। मृतक उम्मेद सिंह पेशे से इंजीनियर थे और वोडाफोन-आइडिया कंपनी में कार्यरत थे। घटना के विरोध में शुक्रवार को करीब 80 से 100 लोग क्लिनिक पहुंचे और घेराव किया। इस दौरान क्लिनिक बंद कराने का प्रयास किया गया, जिससे तनाव की स्थिति बन गई। राजपूत सेवा समिति ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए संबंधित डॉक्टर का लाइसेंस रद्द करने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। समिति का आरोप है कि त्वचा रोग विशेषज्ञ द्वारा हृदय रोग का इलाज किया गया, जो नियमों के विरुद्ध है। सूचना पर एसपी बी. आदित्य के निर्देश पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस डॉक्टर को कोतवाली थाने ले जाकर पूछताछ कर रही है। राजपूत समाज के लोग भी थाने पहुंचे, जहां सीओ गजेंद्र सिंह राव ने दोनों पक्षों से समझाइश की। क्लिनिक संचालक डॉक्टर धनेश सोनी ने बताया कि मरीज का उपचार क्लिनिक पर किया गया था और स्थिति बिगड़ने पर उसे रेफर किया गया था, तभी मरीज ने दम तोड़ दिया। फिलहाल स्थिति शांत है और मामले की जांच जारी है। पुलिस ने मृतक के भाई कमल सिंह की रिपोर्ट पर जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *