हनुमानगढ़ टाउन स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की पहली पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने की। उन्होंने डॉ. सिंह को एक सफल प्रधानमंत्री और महान अर्थशास्त्री बताया, जिन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया। मक्कासर ने कहा कि उनका जीवन सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा का प्रतीक था। मनीष मक्कासर ने डॉ. सिंह के कार्यकाल में शुरू हुई मनरेगा जैसी योजनाओं का भी जिक्र किया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़े। उनके नेतृत्व में भारत ने आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण प्रगति की।
पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी ने बताया कि डॉ. सिंह ने शिक्षा, स्वास्थ्य और किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू कीं। उनकी नीतियों ने भारत को वैश्विक मंच पर मजबूत पहचान दिलाई। वक्ताओं ने उनकी दूरदर्शिता और शांत नेतृत्व को प्रेरणादायक बताया और युवा पीढ़ी को उनके विचारों से सीखने का आह्वान किया। इस श्रद्धांजलि सभा में संगठन महामंत्री गुरदीप सिंह चंदड़ा, उपाध्यक्ष करणी सिंह राठौड़, महामंत्री गुरदीप सिंह चहल, रामेश्वरलाल चावरिया, जयराम ढुकिया, सचिव मोहम्मद हुसेन खोखर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर डॉ. मनमोहन सिंह के योगदान को याद किया गया और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।


