राष्ट्रीय शालेय हॉकी में पंजाब-उत्तर प्रदेश के बीच होगा फाइनल:टीकमगढ़ में नए एस्ट्रो टर्फ पर रात में हुए सेमीफाइनल मैच

टीकमगढ़ में 69वीं राष्ट्रीय शालेय (14 वर्ष) बालक वर्ग हॉकी प्रतियोगिता अपने अंतिम चरण में है। शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल मैचों के बाद पंजाब और उत्तर प्रदेश की टीमें फाइनल में पहुंच गई हैं। यह मुकाबला 27 दिसंबर को होगा। प्रतियोगिता के दौरान ढोंगा ग्राउंड पर तैयार हुए नए एस्ट्रो टर्फ मैदान पर रात में भी मैच खेले जा रहे हैं। प्रतियोगिता के पांचवें दिन शुक्रवार को कुल 6 मैच खेले गए। नए एस्ट्रो टर्फ मैदान के कारण रात 7:30 बजे तक खेलों का प्रदर्शन जारी रहा। इस सुविधा से खिलाड़ियों को बेहतर माहौल मिल रहा है और दर्शक भी देर शाम तक मैचों का लुत्फ उठा पा रहे हैं। चार क्वार्टर फाइनल का परिणाम शुक्रवार को ढोंगा ग्राउंड पर चार क्वार्टर फाइनल मैच खेले गए। पहले मैच में पंजाब ने मध्य प्रदेश को 6-3 से हराया। दूसरे मैच में झारखंड ने बिहार पर 13-0 की बड़ी जीत दर्ज की। तीसरे क्वार्टर फाइनल में मणिपुर ने ओडिशा को 9-2 से पराजित किया, जबकि चौथे मैच में उत्तर प्रदेश ने हरियाणा को 8-1 से हराया। इसके बाद दो सेमीफाइनल मैच हुए। पहले सेमीफाइनल में पंजाब ने मणिपुर को 7-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश ने झारखंड को 3-1 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। अब 27 दिसंबर को पंजाब और उत्तर प्रदेश के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। फाइनल से पहले तीसरे स्थान के लिए मणिपुर और झारखंड के बीच मैच होगा। प्रतियोगिता के फाइनल में जतारा विधायक हरिशंकर खटीक मुख्य अतिथि होंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष सरोज राजपूत अध्यक्षता करेंगी। इस अवसर पर टीकमगढ़ विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला, कलेक्टर विवेक श्रोतिय, एसपी आलोक कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *