महवा के सालिमपुर गांव में मकर संक्रांति के अवसर पर विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। कुश्ती दंगल में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीना और विधायक राजेन्द्र मीना ने बतौर मुख्यमंत्री अतिथि शिरकत की। जहां ग्रामीणों ने उनका माला और साफा पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने दंगल में विभिन्न स्थानों से आए पहलवानों की कुश्ती के दांवपेंच देखे और लोगों की समस्याएं सुनी। कृषि मंत्री ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सालिमपुर गांव में जल्द ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुलवाया जाएगा, उन्होंने युवाओं में नशे की बढ़ती लत को लेकर कहा कि गांव में किसी प्रकार की बुराई नहीं होनी चाहिए। क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। इस दौरान विधायक राजेन्द्र मीना, मौजीराम खोहरा, हरिशंकर मीना, राकेश मीना, बबलेश मीना, पीटीआई मनसुखा मीना सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं कुश्ती दंगल में आखरी कुश्ती 21 हजार रुपए की रखी गई, दंगल में दांवपेंच दिखाने के लिए भरतपुर, मथुरा, डीग, अलवर, पलवल, महवा, डिण्डौन, करौली सहित विभिन्न स्थानों ने पहलवान आए। जिनकी कुश्ती देखने के लिए आसपास के गांवों के हजारों लोगों ने दंगल में शिरकत की।


