सागर में मां और दो बेटों के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। महिला का पति और जेठ खेत से घर लौटे तो घटना का पता चला। घटना गुरुवार रात रहली के मैनाई गांव की है। मृतक रचना के जेठ ब्रजेश लोधी ने बताया कि वह और उसका छोटा भाई राजेश (रचना का पति) खेत में सिंचाई करने गए थे। रात करीब पौने 10 बजे वे घर लौटे। दोनों अपने-अपने कमरों की तरफ गए ही थे कि अचानक राजेश के चिल्लाने की आवाज आई। ब्रजेश दौड़कर भाई के कमरे में पहुंचा तो देखा कि बहू रचना (32), भतीजा ऋषभ (5) और छोटा भतीजा राम (2) अलग-अलग फंदे पर लटके हुए थे। फंदे काटकर नीचे उतारा
भाईयों ने आनन-फानन में रस्सियां काटकर तीनों को नीचे उतारा, लेकिन तब तक तीनों की सांसें थम चुकी थीं। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। बताया जा रहा है कि दरवाजा भी खुला हुआ था। यह हत्या है या आत्महत्या अभी इसकी जांच की जा रही है। सब अपने कमरों में थे, तभी हुई घटना
रचना के पति राजेश लोधी तीन भाई हैं। राजेश सबसे छोटा है। बड़े भाई देवेंद्र लोधी की मौत हो चुकी है। उनकी पत्नी, एक बेटा और तीन बेटियां साथ रहती हैं। मंझले भाई ब्रजेश लोधी अपनी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी भी साथ रहते हैं। मां प्रयागरानी भी साथ घर में रहती हैं। पिता गोपी सिंह लोधी खेत पर बने मकान में रहते हैं। घटना के समय राजेश और भाई ब्रजेश लोधी खेत पर थे। परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। रचना अपने दोनों बेटों के साथ खाना खाकर घर के काम पूरे कर अपने कमरे में चली गई थी। FSL टीम ने जुटाए सबूत
सूचना मिलते ही रहली पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए। रहली थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि शवों का पोस्टमॉर्टम कराया है। मामले की जांच की जा रही है।


