जयपुर | शहर में अवैध गैस रिफिलिंग और भंडारण के खिलाफ डीएसओ प्रथम की टीम ने शुक्रवार को बरकत नगर के लवकुश नगर द्वितीय इलाके में ऑपरेशन प्रवर्तन के तहत कार्रवाई कर 68 सिलेंडर जब्त किए। इस संबंध में बजाज नगर थाने में नामजद एफआईआर दर्ज करवाई गई है। जिला रसद अधिकारी प्रथम प्रियव्रत सिंह चारण ने बताया कि कार्रवाई के लिए गठित सतर्कता दल ने मकान नंबर 62-बी और पास ही स्थित जायसवाल एंटरप्राइजेज पर कार्रवाई करते हुए अवैध संग्रहित 68 घरेलू व कॉमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए। मामले में एलपीजी रेगुलेशन ऑफ सप्लाई एंड डिस्ट्रीब्यूशन ऑर्डर-2000 और आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 की धारा 3/7 के तहत बजाज नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। जिला रसद विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी संदिग्ध गैस रिफिलिंग या अवैध वितरण गतिविधि दिखे तो तुरंत सूचना दें, ताकि जनसुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। गत दिनों की गई कार्रवाई {19 नवंबर; रसद टीम ने अवैध गैस रिफिलिंग नेटवर्क पर तीन अलग स्थानों पर एक साथ रेड कर कुल 480 सिलेंडर (घरेलू एवं कॉमर्शियल) जब्त किए और 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। {16 दिसंबर; 97 घरेलू गैस सिलेंडर के साथ रिफिलिंग करने वाले व्यक्ति को पकड़ा। {23 दिसंबर; 546 घरेलू एवं कॉमर्शियल सिलेंडर जब्त किए। {गजसिंहपुरा और हसनपुरा इलाकों में 85 सिलेंडर तथा रिफिलिंग उपकरण जब्त किए गए। शहर में घरेलू गैस ब्लैकमेलिंग की गैंग सक्रिय; घरेलू गैस सिलेंडर को ब्लैक कर गैस बेचने का जयपुर बड़ा अड्डा बना हुआ है। शहर में ऐसी एक दर्जन से ज्यादा गैंग सक्रिय हैं। वाहनों में एलपीजी भरने के साथ बड़ी संख्या में हलवाइयों, होटलों, चाय दुकानें, विवाहस्थलों में गैस यूज किया जाता है। गैस माफियाओं की एजेंसियों से सांठगांठ भी सामने आई है।


