भास्कर न्यूज | नारायणपुर छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को नागरिकों तक सरल और सुलभ बनाने के लिए एक नया मोबाइल एप लांच किया गया है। यह एप मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में तैयार किया गया है। इस एप के माध्यम से नागरिक अपने स्मार्टफोन का उपयोग करते हुए मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) की सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। एप के जरिए नागरिक आसानी से अपना अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं, एमएमयू की लाइव लोकेशन का पता लगा सकते हैं और अपनी खून जांच की रिपोर्ट डिजिटल रूप से प्राप्त कर सकते हैं। परिवार के अन्य सदस्यों को भी इस एप से जोड़ा जा सकता है। एप को डाउनलोड करने के लिए नागरिकों को दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करना होगा। मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष कोर्राम ने बताया कि फिलहाल नारायणपुर नगर पालिका क्षेत्र में एक मोबाइल मेडिकल यूनिट संचालित है। यह गाड़ी विभिन्न वार्डों के सार्वजनिक स्थलों पर खड़ी होकर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करती है। गाड़ी में एमबीबीएस चिकित्सक, नर्स, फार्मासिस्ट और लैब असिस्टेंट की टीम तैनात है, जो मरीजों का इलाज करती है। एमएमयू में 41 प्रकार की जांच और 170 प्रकार की दवाइयां उपलब्ध हैं।


