शिवपुरी में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। बुधवार को शीतलहर का प्रकोप जारी रहा और सुबह 10 बजे के बाद भी घना कोहरा छाया रहा। मकर संक्रांति के दिन खिली धूप के बाद एक बार फिर ठंड ने दस्तक दे दी है। रात का तापमान 10 डिग्री तक लुढ़क गया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री तक सीमित रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड का प्रकोप और बढ़ने वाला है। 15 और 16 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण प्रदेश के पश्चिमी और उत्तरी क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। ग्वालियर सहित मध्य प्रदेश के आधे हिस्से में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस सिस्टम के गुजरने के बाद ठंड का प्रकोप और बढ़ेगा। 18 जनवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे बर्फीली हवाओं की रफ्तार बढ़ेगी और पूरा प्रदेश ठंड की चपेट में आ जाएगा। पिछले सप्ताह के आंकड़ों पर नजर डालें तो न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री के बीच और अधिकतम तापमान 20 से 25 डिग्री के बीच रहा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना है। पिछले सात में मौसम का हाल


