रेलवे स्टेशन के एंट्री प्वाइंट पर ट्रैफिक सुधार की पहल: नो-पार्किंग बोर्ड लगाए

भास्कर न्यूज | अमृतसर रेलवे स्टेशन के मेन एंट्री प्वाइंट पर लगातार लग रहे ट्रैफिक जाम और आपात सेवाओं को हो रही परेशानी को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। स्टेशन के एंट्री प्वाइंट पर अब ई-रिक्शा, बस या किसी भी प्रकार के अन्य वाहन पार्क नहीं किए जा सकेंगे। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस की ओर से मौके पर स्पष्ट रूप से नो-पार्किंग के बोर्ड लगा दिए गए हैं। यह कार्रवाई शुक्रवार दोपहर दो बजे की गई। एडीसीपी ट्रैफिक अमनदीप कौर ने बताया कि लंबे समय से यह शिकायत मिल रही थी कि स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर ई-रिक्शा और अन्य वाहन खड़े रहने से सड़क पर ट्रैफिक जाम रहता है। कई बार एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे आपात वाहनों को भी स्टेशन के सामने से गुजरने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। ट्रैफिक पुलिस की ओर से किए गए इस नए प्रबंध के तहत अब रिक्शा चालक स्टेशन के एंट्री प्वाइंट से दोनों तरफ कम से कम 50 मीटर दूर ही सवारियों को उतार और बैठा सकेंगे। इससे एंट्री प्वाइंट पूरी तरह खुला रहेगा और वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से हो सकेगी। यह निर्णय आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई चालक इन निर्देशों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई की जाएगी। इस व्यवस्था के लागू होने से रेलवे स्टेशन क्षेत्र में जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी और यात्रियों के साथ-साथ आपात सेवाओं को भी राहत मिलेगी। इसके अलावा अमनदीप कौर ने बताया कि एंट्री प्वाइंट के साथ लगते दुकानों के बाहर भी वाइट पट्टी लगाने की कार्रवाई जल्द ही शुरू करेंगे। तांकि दुकानों में आने वाले ग्राहक अपने टू-व्हीलर को इस वाइट पट्टी के अंदर ही लगाए। इस संबंधी निगम के साथ मीटिंग कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *