लुधियाना। किड्स ड्रीम विला प्लेवे और डे केयर का 11वां वार्षिक समारोह गुरु नानक भवन में उत्साह, रंगारंग प्रस्तुतियों और सामाजिक संदेशों के साथ आयोजित किया गया। बच्चों ने समाज में संतुलन, संवेदनशीलता और समानता का संदेश दिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि हिंसा और शोषण केवल एक वर्ग तक सीमित नहीं होते और पुरुष भी कई बार इनका शिकार बनते हैं, जिन्हें समझ, सहयोग और समर्थन की आवश्यकता होती है। किड्स ड्रीम विल्ला प्लेवे और डे केयर की निदेशक नगमा कौशल ने कहा कि इस तरह की थीम के जरिए बच्चों को शुरू से ही संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनने की सीख दी जा रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों को यह समझाना जरूरी है कि हिंसा किसी भी रूप में गलत है, चाहे वह महिला के खिलाफ हो या पुरुष के खिलाफ। एक सुरक्षित और सकारात्मक समाज के निर्माण के लिए सभी को मिलकर सोच बदलने की जरूरत है। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को उनकी प्रतिभा के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए, वहीं अभिभावकों को भी उनके सहयोग और योगदान के लिए सम्मानित किया गया।


