बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में न्यायिक हिरासत में बंद हिंदुवादी नेता भैरव सिंह शुक्रवार को जेल से रिहा हो गए। रिहाई के बाद वे हिंदपीढ़ी स्थित अपने घर पहुंचे। उनकी रिहाई की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में समर्थक उनके घर के बाहर जमा हो गए। जमानत मिलने की खुशी में युवाओं ने पटाखे फोड़े और जय श्रीराम के नारे गूंजते रहे। भैरव सिंह पिछले कुछ समय से एक मामले में न्यायिक हिरासत में थे। जिला प्रशासन ने भैरव को झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम (सीसीए) के तहत निरुद्ध करने का आदेश जारी किया था। इसके खिलाफ 22 दिसंबर को झारखंड हाईकोर्ट में चुनौती दी गई है। मामले की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट की खंडपीठ जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद और जस्टिस संजय प्रसाद ने प्रथम दृष्टया टिप्पणी की कि पर्याप्त साक्ष्य के बिना ही भैरव सिंह को सीसीए के तहत निरुद्ध किया गया प्रतीत होता है।


