मां बृजेश्वरी मंदिर में शुरू हुआ घृत मंडल पर्व:21 क्विंटल शुद्ध मक्खन से सजाई गई मां की पिंडी, कांगड़ा में 7 दिन चलेगा महोत्सव

हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां बृजेश्वरी देवी मंदिर कांगड़ा में मकर संक्रांति के अवसर पर घृत मंडल पर्व का आगाज हो गया है। इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा दान किए गए 29 क्विंटल देसी घी को 101 बार शुद्ध जल से धोकर तैयार किए गए 21 क्विंटल विशुद्ध मक्खन से मां की पिंडी को सजाया गया है। जिला उपायुक्त हेमराज बेरबा ने दीप प्रज्ज्वलित कर पहली सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक संजय सांवरिया और लखविंदर सिंह लक्खा ने अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंदिर की पौराणिक मान्यता के अनुसार, माता बज्रेश्वरी को राक्षस जालंधर के साथ युद्ध में आई चोटों के उपचार के लिए मक्खन का लेप किया गया था। तभी से यह परंपरा निरंतर चली आ रही है। एक सप्ताह बाद इस मक्खन को प्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा, जिसे नेत्र ज्योति, त्वचा रोग और जोड़ों के दर्द में लाभकारी माना जाता है। मंदिर अधिकारी नीलम मनकोटिया ने बताया कि 15 जनवरी को नगर पालिका मैदान में विशेष भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रख्यात भजन गायक हंसराज रघुवंशी अपनी प्रस्तुति देंगे। मंगलवार रात से शुरू हुआ घृत मंडल सजाने का कार्य बुधवार तड़के चार बजे पूरा हुआ। इस अवसर पर एसडीएम इशान्त जैसवाल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। विशेष बात यह है कि इस बार पहली बार मंदिर प्रशासन दो भजन संध्याओं का आयोजन कर रहा है, साथ ही नगरकोट पर्व के दौरान 10 दिनों तक विशेष आयोजन किए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *