अपनी लंबित मांगो को लेकर जिले के पटवारी तीसरे दिन भी कार्य बहिष्कार पर है। कोटा में राजस्थान पटवार संघ के बैनर तले पटवारी आज भी कलेक्ट्रेट में कार्य बहिष्कार कर धरने पर बैठे रहे। 9 सूत्रीय मांगों को पूरा करने की मांग की। पटवार संघ के जिला महामंत्री प्रफुल्ल गोयल ने बताया कि लंबित मांगो को लेकर जिले के सभी पटवारी दोपहर 12 बजे सरकारी व्हाट्सएप ग्रुपों से लेफ्ट हो गए। बता दें जिले में 188 रेवेन्यू व 15 सेटलमेंट में पटवारी है।
प्रफुल्ल गोयल ने बताया कि सभी 7 तहसीलों लाडपुरा, सांगोद, चेचट, रामगंजमंडी, कनवास, दीगोद, पीपल्दा में पटवारी 13 जनवरी से कार्य बहिष्कार कर सामूहिक धरने पर बैठे हैं। हमारी मांग कोई नई मांग नहीं है। पटवार संघ का सरकार से समझौता हुआ था उन्ही को लागू करने की मांग है। गिरदावरी की एप में संशोधन किया जाए, शेष पटवार मंडल व भू अभिलेख निरीक्षक वृत की वित्तीय स्वीकृति जारी की जाए, पटवारी की हाई ड्यूटी एवं स्टेशनरी भत्तों में बढ़ोतरी करने सहित जो 9 सूत्रीय मांग की जा रही है वो समझौते के अनुसार ही है। गोयल ने कहा गुरुवार को सभी पटवारी सामूहिक अवकाश पर रहकर धरना प्रदर्शन करेंगे।


