हनुमानगढ़ जिले की तलवाड़ा थाना पुलिस ने डीएसटी की मदद से कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों बदमाशों के पास से एक लोडेड पिस्तौल और कारतूस बरामद किए हैं। दोनों बदमाश पंजाब में पुलिस पर फायरिंग करके और गाड़ी को टक्कर मारकर भागे थे। तलवाड़ा पुलिस ने नाकाबंदी करके दोनों को पकड़ा। एसपी अरशद अली ने बताया कि अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत तलवाड़ा पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया है। तलवाड़ा पुलिस ने डीएसटी की सूचना पर नाकाबंदी करवा रखी थी। तभी बदमाशों की कार को रोककर तलाशी ली तो उसमें सवार दो युवकों के पास से एक लोडेड पिस्तौल सहित 5 कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने दोनों के पास से कार भी जब्त की है। तलवाड़ा पुलिस की पूछताछ में दोनों युवकों की पहचान हरजीवन उर्फ जस्सा नानकसरिया (22) पुत्र नायब सिंह निवासी बल्लोपत्ती वार्ड 3 पीएस चिम्मा जिला संगरूर पंजाब और रघुवीर सिंह उर्फ रवि फाफड़े (22) पुत्र गुरमीत सिंह निवासी पीएस भीखी जिला मानसा पंजाब के रूप में हुई। बदमाश पंजाब का हिस्ट्रीशीटर
एसपी अरशद अली ने बताया कि पकड़ा गया एक बदमाश हरजीवन सिंह उर्फ जस्सा पंजाब के भिखी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। जिस पर पंजाब में 9 मामले दर्ज हैं। सभी मामले फिरौती, लूटपाट, मारपीट और आर्म्स एक्ट में दर्ज हैं। पंजाब पुलिस पर फायरिंग कर भागे थे बदमाश
एसपी अरशद अली ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि दोनों बदमाश हरजीवन सिंह उर्फ जस्सा और रघवीर सिंह उर्फ रवि फाफड़े पंजाब में पंजाब पुलिस पर फायरिंग कर उनकी गाड़ी में टक्कर मारकर भागे थे। दोनों के पास से कार बरामद हुई है। फायरिंग की इस वारदात का पंजाब के बुडलाडा थाने में मामला भी दर्ज हुआ था। एक बदमाश का बंबीहा गैंग से संबंध
एसपी अरशद अली ने जानकारी देते हुए बताया कि पकड़े गए हरजीवन सिंह उर्फ जस्सा का संबंध पंजाब की बड़ी गैंग बंबीहा से संबंध सामने आए हैं। बंबीहा गैंग को लेकर राजस्थान में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे या नहीं। इसको लेकर आज दोनों बदमाशों को रिमांड पर लिया गया है। रिमांड अवधि के दौरान दोनों से पुलिस पूछताछ करेगी।


