राज्य सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री ने लाभार्थी महिलाओं से संवाद भी किया। महिला सम्मेलन के दौरान स्वयं सहायता समूह को लोन वितरित करने के साथ लॉटरी के माध्यम से महिलाओं को एक कुकिंग सिस्टम वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट शासन सचिव अनुप्रेरणा कुंतल, जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी और भाजपा जिला अध्यक्ष सत्येंद्र पाराशर ने किया। कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में विशिष्ट शासन सचिव अनुप्रेरणा कुंतल ने वर्तमान राज्य सरकार के एक वर्ष की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के लिए अनेक कार्य किए जा रहे हैं। महिला सुरक्षा हेतु कालिका पेट्रोलिंग यूनिट जैसी मुहिम चलाकर काम किया जा रहा है। महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने अपने उद्बोधन में कहा कि राज्य सरकार द्वारा महिला निधि बैंक के माध्यम से स्वयं सहायता समूह को ऋण स्वीकृति देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ नमो ड्रोन दीदी के माध्यम से महिला काश्तकारों को सहायता भी दी जा रही है। लखपति दीदी, महिला निधि बैंक, नमो ड्रोन दीदी, लाडो प्रोत्साहन योजना, उद्यम प्रोत्साहन योजना और एकल नारी पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं से महिलाओं को आर्थिक सम्बल मिला है। महिला सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार संवेदनशील और संकल्पबद्ध है। कार्यक्रम के दौरान नवीन लखपति दीदी सम्मान के तहत जिले की 1555 लाभार्थियों और स्वयं सहायता समूह के 150 लाभार्थियों को कुल 22 लाख 50 हजार रुपए रिवाल्विंग फंड का हस्तांतरण डीबीटी के माध्यम से किया गया। महिला निधि बैंक के माध्यम से जिले में 2.22 करोड़ रुपए की राशि 557 लाभार्थियों को दी गई। स्वयं सहायता समूह सदस्यों के लिए राज्य सखी पोर्टल का शुभारंभ किया गया। जिले की पांच महिला काश्तकारों को नमो ड्रोन दीदी और इलेक्ट्रिक कुकिंग सिस्टम वितरण के तहत 26 महिलाओं को लाभान्वित किया गया। लॉटरी के जरिए महिलाओं को किया गया ई कुकिंग सिस्टम का वितरण
महिला सम्मेलन में पी-एम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अन्तर्गत सोलर प्लांट स्थापित करवाने वाली महिला उपभोक्ताओं को मौके पर लॉटरी के माध्यम से सांकेतिक रूप से ई-कुकिंग सिस्टम का वितरण किया गया। जिसमें 10 महिला उपभोक्ताओं को लॉटरी के माध्यम से ई-कुकिंग सिस्टम प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में जिले की 6 आदर्श आंगनबाड़ी मार्गदर्शिका का विमोचन करते हुए प्रत्येक विधानसभा में पांच-पांच नवीन आंगनबाड़ी केंद्रों की स्वीकृति दी गई। इसी क्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना में राज्य सरकार द्वारा 1500 रुपए की अतिरिक्त किश्त योजना के तहत जिले की 1677 महिलाओं का अतिरिक्त किश्त, लाडो प्रोत्साहन योजना के लाभार्थियों और मुख्यमंत्री रसोई गैस सब्सिडी योजना के लाभार्थियों को सब्सिडी का हस्तांतरण डीबीटी के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता आरके वर्मा, सीएमएचओ डॉ. जयन्ती लाल मीना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


