धनबाद के निरसा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय साइकिल सवार की मौत हो गई। शाषणबेरिया मोड़ के पास श्यामपुर बी मार्ग पर कोयला लदे हाइवा ने मारकोड़ा निवासी दिनेश बाउरी को चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हालांकि, बाद में प्रशासन ने सेंट्रल पुल के पास से हाइवा को जब्त कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और मृतक के परिजन मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए और जाम लगा दिया। भाकपा माले नेता जगदीश शर्मा ने इस घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह दुर्घटना सुरक्षा नियमों की अनदेखी का नतीजा है। उन्होंने बताया कि हाइवा को बिना त्रिपाल ढके और खलासी के बिना चलाया जा रहा था। ईसीएल प्रबंधन की लापरवाही के कारण आए दिन राहगीरों की जान खतरे में रहती है। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा के मुद्दे को सामने ला दिया है।


