गुरदासपुर में चाकू से गोदकर महिला की हत्या:आरोपी से थी पुरानी रंजिश, लोहड़ी मनाने गई तो किया हमला

पंजाब के गुरदासपुर में पुरानी रंजिश के चलते एक महिला की किरच (चाकू) से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सलिंदर कौर के रूप में हुई है। घटना पुराना शाला थाना क्षेत्र के गांव नवां पिंड बहादर की है। घटना के समय सलिंदर कौर एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने किरच से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में जुट गई है। फिलहाल आरोपी फरार है। पुलिस के अनुसार यह हत्या पुरानी रंजिश का नतीजा है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। महिला के पेट और छाती पर किया किरच से हमला
मृतक महिला के पति बलविंदर सिंह ने बताया कि 14 जनवरी को उनके पड़ोस में रहने वाले शिंगारा सिंह ने अपनी हवेली में लोहड़ी पर्व मनाने के लिए कार्यक्रम रखा हुआ था। वह अपनी पत्नी सलिंदर कौर और बेटे हरमनप्रीत सिंह के साथ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उनकी हवेली पर गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी नरिंजन सिंह वहां आया और उनके साथ गाली गलोच करने लगा। पत्नी और बेटे ने आरोपी को जब ऐसा करने से रोका तो आरोपी ने सलिंदर कौर पर किरच से तीन वार किए। एक वार उसके पेट में और दो छाती पर वार किए। जिसके बाद महिला गंभीर रूप में घायल हो गई और जमीन पर गिर गई। वहीं घटना के तुरंत बाद आरोपी फरार हो गया। इसके बाद उसका पति और बेटा घायल सलिंदर कौर को गुरदासपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले गए। जहां इलाज के दौरान सलिंदर कौर की मौत हो गई। मृतक महिला के पति ने बताया कि दो-तीन दिन पहले आरोपी ने उसकी पत्नी की खिल्ली उड़ाई थी। जिसका उसकी पत्नी ने विरोध किया था। जिसके चलते आरोपी उसकी पत्नी के साथ रंजिश रखता आ रहा था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *