कोरबा के नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकुड़ा (मड़वारानी) में शुक्रवार शाम 5 बजे वार्षिकोत्सव ‘अद्वितीय-यूनिक’ का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही पहुंच गए थे। उन्होंने विद्यालय और परिसर में विकसित ऑक्सीजोन/गार्डन का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक ने बंजर जमीन पर इस तरह के विकास के लिए लायन राजकुमार अग्रवाल और लायन सदस्यों की सराहना की। उन्होंने सभी कक्षाओं में स्मार्ट क्लासेस देखकर भी प्रभावित हुए। एसपी ने बच्चों को शिक्षा और विकास के लिए किया प्रेरित कार्यक्रम प्रारंभ होने के बाद एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने बच्चों, अभिभावकों और दर्शक दीर्घा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक और बौद्धिक विकास भी आवश्यक है। वार्षिकोत्सव बच्चों को अपनी प्रतिभा के विकास के लिए एक बड़ा मंच प्रदान करता है। उन्होंने बच्चों से ग्रामीण क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त विद्यालय का लाभ उठाने और अच्छे से पढ़-लिखकर विद्यालय और जिले का नाम रोशन करने का आग्रह किया। गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में देश के जाने-माने समाजसेवी और द इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ लायंस क्लब्स एमडी 3233 के मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पीएमजेएफ लायन मनीष शाह विशेष रूप से उपस्थित थे। उन्होंने बच्चों को टिप्स देते हुए कहा कि शिक्षा का यह प्रकल्प हजारों ग्रामीण बच्चों का भविष्य संवारने के लिए एक आधार स्तंभ साबित हो रहा है। उन्होंने इस विद्यालय को लायनिज्म का एक अद्भुत उदाहरण बताया। गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पीएमजेएफ लायन विजय अग्रवाल ने कहा कि लायन राजकुमार अग्रवाल ऐसे व्यक्तित्व हैं, जो ठान लेते हैं, उसे पूरा करके दिखाते हैं। उन्होंने इस विशाल प्रांगण में बच्चों के विशाल समूह को स्वर्णिम भविष्य की ओर इशारा करते देखा। प्रथम वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एमजेएफ लायन रिपुदमन पुसरी ने बच्चों की अद्भुत प्रतिभा देखकर प्रभावित होने की बात कही और शिक्षा के लिए ऐसा बेहतर वातावरण प्रदान करने को महत्वपूर्ण बताया।


