सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या कर शव जमीन में गाड़ने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में एक नाबालिग है। नाबालिग ने वारदात में मुख्य आरोपी की मदद की थी। शनिवार को पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया है। नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, मृतक ऋषि अरिहवार (21) निवासी काकागंज वार्ड ऑटो चलाता था। 7 दिसंबर से वह लापता था। परिजनों ने 8 दिसंबर को गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की। मोबाइल की कॉल डिटेल निकाली, इसके आधार पर संदिग्ध को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में संदिग्ध ने पुलिस को हतत्या की कहानी सुनाई, जिसे सुन पुलिस दंग रह गई। मोतीनगर थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी गोलू उर्फ बलराम पटेल ने पूछताछ में बताया है कि 7 दिसंबर को ऋषि अहिरवार को मारकर उसकी लाश मंगलगिरी की पहाड़ी के पास खंती में गाड दी थी। 13 वर्षीय नाबालिग ने शव पर पत्थर रखने में मदद की थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद किया। हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया। कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गोलू पटेल और नाबालिग को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि पैसों के लेनदेन के विवाद में हत्या की थी। मामले के अन्य पहलुओं पर जांच की जा रही है।


