पहले दिन झारखंड का दमदार आगाज, 1 गोल्ड समेत पांच पदक जीते रांची। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में आयोजित 9वीं फेडरेशन कप वुशू प्रतियोगिता के पहले दिन झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य को एक स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक दिलाए। 30 दिसंबर तक चलने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पहली बार सब जूनियर, जूनियर और सीनियर—तीनों वर्गों के खिलाड़ी एक साथ भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन झारखंड के घनश्याम उरांव ने स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया, जबकि सौम्या कुमारी और प्राची कुमारी ने रजत पदक हासिल किया। वहीं जानवी कुमारी और महक कुमारी ने कांस्य पदक जीतकर झारखंड के पदक खाते को मजबूत किया। इस प्रतियोगिता में झारखंड की ओर से 69 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जबकि कोच व ऑफिशियल्स सहित 72 सदस्यीय दल राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहा है।


