वेतन नहीं मिला तो काम नहीं करेंगे शिक्षा विभाग के कर्मी

भास्कर न्यूज | गढ़वा शिक्षा विभाग में विभिन्न पदों पर काम करने वाले आउटसोर्सिंग कर्मियों ने चार माह से लंबित मानदेय भुगतान नहीं होने पर कार्य करने में असमर्थता जाहिर की है। इस संबंध में आउटसोर्स कर्मचारी संघ की ओर से जिला शिक्षा पदाधिकारी कैसर रजा को ज्ञापन सौंपकर कार्य करने से असमर्थता की सूचना दिया गया है। कर्मियों ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि जिले के विभिन्न प्रखंडों में जेएमडी सर्विसेस प्राईवेट लिमिटेड आउट सोर्सिंग एजेंसी के तहत बीपीएम, बीआरपी, प्रखंड एमआईएस समन्वयक, रिसोर्स शिक्षक, डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। हम सभी विभागीय कार्यों का निष्पादन ससमय करते हैं। कर्मियों ने कहा कि विगत चार महीनों से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। ​कर्मियों के सामने खाने पीने की समस्या मानदेय नहीं मिलने से हम सभी के समक्ष भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। घर का चूल्हा ठंडा पड़ गया है, बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है, वृद्ध माता-पिता की दवा भी नहीं ले पा रहे हैं। मानसिक प्रताड़ना से गूजर रहे हैं। ऐसे में जब तक हम सभी की लंबित मानदेय का भुगतान नहीं किया जाता है तब तक हम सभी कार्य करने में असमर्थ हैं। ज्ञापन सौंपने वालों में रवि शंकर कुमार, नवनीत मिश्रा, अनुज कुमार, आनंद कुमार, छोटू कुमार, रोहित कुमार, मुकेश ठाकुर, अनुज कश्यप, शशिकांत ठाकुर, विजय कुमार पासवान, अखिलेश कुमार आदि शामिल हैं। इन लागों ने अपनी परेशानी को देखकर निर्णय लिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *