कांगड़ा वैली कार्निवाल अब हर साल होगा आयोजित:मंत्री चंद्र कुमार ने की घोषणा, गायक कंवर ग्रेवाल ने गाए सूफी गीत

धर्मशाला के पुलिस मैदान में आयोजित कांगड़ा वैली कार्निवाल की तीसरी सांस्कृतिक संध्या ‘सूफी एवं ग्लैमर इवनिंग’ में प्रसिद्ध सूफी गायक कंवर ग्रेवाल ने अपनी प्रस्तुति दी। इस दौरान कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने घोषणा की कि कार्निवाल को अब ‘औपचारिक उत्सव’ का दर्जा मिल गया है और यह हर साल 24 से 31 दिसंबर तक नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार ने मुख्यअतिथि के रूप में शिरकत करते हुए यह महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने इस आयोजन को औपचारिक उत्सव का दर्जा दिया है। मंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों और महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच भी प्रदान करते हैं। कड़ाके की ठंड में झूमे लोग सांस्कृतिक संध्या में कंवर ग्रेवाल की रूहानी आवाज ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिससे कड़ाके की ठंड के बावजूद लोग झूमने पर मजबूर हो गए। ‘महिला सशक्तिकरण’ की थीम पर आधारित फैशन परेड और कुल्लू-लाहौल की पारंपरिक नाटी ने भी विशेष आकर्षण का केंद्र बनाया। पारंपरिक परिधानों में सजे कलाकारों की नाटी पर पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा। इस अवसर पर कृषि मंत्री ने खेल जगत में जिले का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया। उन्होंने कबड्डी वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम की सदस्य भावना और चम्पा को विशेष रूप से सराहा और सम्मानित किया। कार्निवाल में तन्मय चतुर्वेदी के गीतों, पंजाबी गिद्दा और हरियाणवी नृत्यों सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इस दौरान उपायुक्त हेमराज बैरवा और एसपी अशोक रत्न सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कल क्या होगा खास: पहाड़ी स्टार नाइट और ड्रोन शो उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बताया कि 28 दिसंबर (रविवार) को कार्निवाल की पांचवीं संध्या ‘पहाड़ी स्टार नाइट’ के रूप में मनाई जाएगी। मुख्यअतिथि: हिमाचल सरकार के उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया शिरकत करेंगे। कलाकार: नाटी किंग कुलदीप शर्मा, राज जैरी, पूनम भारद्वाज और चंबा डांस ग्रुप अपनी प्रस्तुति देंगे। ड्रोन शो: रात 9:30 बजे आधुनिक तकनीक और रोशनी का अद्भुत ‘ड्रोन शो’ होगा। साइकिल राइड: सुबह 7 बजे ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ जागरूकता के लिए साइकिल राइड आयोजित की जाएगी, जिसमें करीब 200 राइडर्स भाग लेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *