श्रीमद्भागवत कथा में गोवर्धन लीला का भावपूर्ण वर्णन किया

भास्कर न्यूज | रिंगनी-खरौद नगर पंचायत के तिवारीपारा क्षेत्र में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ कथा के छठवें दिन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से परिपूर्ण वातावरण देखने को मिला। कथा स्थल पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और संपूर्ण क्षेत्र भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर रहा। छठवें दिन की कथा विशेष रूप से भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और गोवर्धन पर्वत धारण प्रसंग को समर्पित रही। इस अवसर पर पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश, जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद यादव, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सत्यनारायण देवांगन, पार्षद नीलम यादव, शरद चंद्र शर्मा, शिवरात्री यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। कथा व्यास, प्रख्यात भागवताचार्य पं. भानुप्रताप महाराज ने प्रवचन में कहा कि गोवर्धन लीला केवल चमत्कार नहीं, बल्कि अहंकार त्याग, प्रकृति संरक्षण और सच्ची भक्ति का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने यह संदेश दिया कि प्रकृति ही जीवन का आधार है और उसकी रक्षा करना प्रत्येक मनुष्य का कर्तव्य है। इस अवसर पर गोवर्धन महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन भोग अर्पित किए गए। छप्पन भोग की सजीव झांकी और गोवर्धन पर्वत की सुंदर सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। आयोजन के प्रमुख चंद्रकांत तिवारी ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा समाज में धर्म, संस्कृति और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का माध्यम है। उन्होंने सभी सहयोगियों और ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कथा के यजमान सुषमा अशोक तिवारी की उपस्थिति में विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। कथा के दौरान भजन, कीर्तन और संकीर्तन से पूरा क्षेत्र भक्तिरस में डूबा रहा। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कार्यक्रम के समापन पर आरती और प्रसाद वितरण हुआ। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजकों के प्रति आभार जताया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *