अमृतसर| ठंड का प्रकोप लगातार गहराता जा रहा है। शनिवार को शहर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जो शनिवार को 1.6 डिग्री गिरकर 18.7 डिग्री सेल्सियस हो गया। इससे दिन के समय धूप का असर कम रहा और ठंडी हवाओं ने कंपकंपी बढ़ा दी। वहीं रात के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया। शुक्रवार को न्यूनतम पारा 5.0 डिग्री सेल्सियस था, जो शनिवार को मामूली बढ़त के साथ 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, यह अभी भी सामान्य से नीचे बना हुआ है।


