कला का ‘आगाज’… हेम्ब्रम की पेंटिंग में दिखा झारखंड

सिटी रिपोर्टर }राजधानी के प्रतिष्ठित ऑड्रे हाउस में शनिवार से 5 दिवसीय ‘आगाज’ कला प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। इस प्रदर्शनी में देश के मास्टर कलाकारों के साथ-साथ झारखंड की स्थानीय प्रतिभाओं का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। प्रदर्शनी का उद्घाटन कला-संस्कृति निदेशक आसिफ एकराम ने किया। इस अवसर पर प्रदर्शनी के क्यूरेटर राम प्रवेश पॉल सहित कई स्थानीय कलाकार और कलाप्रेमी मौजूद रहे। एक ही छत के नीचे कला जगत के दिग्गज : ‘आगाज’ प्रदर्शनी कला प्रेमियों को भारतीय कला जगत के दिग्गजों की कृतियों से रूबरू होने का सुनहरा अवसर दे रही है। यहां राजा रवि वर्मा, वीएस गायतोंडे, एसएच रजा, एमएफ हुसैन, राम कुमार जैसे स्थापित और विश्व प्रसिद्ध कलाकारों के साथ-साथ उभरते हुए कलाकारों की शानदार कृतियां भी प्रदर्शित की गई हैं। यह प्रदर्शनी कला के पारंपरिक और आधुनिक दोनों रूपों का एक बेहतरीन मिश्रण पेश कर रही है। आदिवासी जीवन की झलक ने लुभाया प्रदर्शनी में रांची के प्रसिद्ध चित्रकार सी.आर. हेम्ब्रम की पेंटिंग विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। हेम्ब्रम की चित्रकला प्रकृति, आदिवासी जीवन और उनकी समृद्ध लोक परंपराओं से प्रेरित है। उनकी कलाकृतियां आधुनिकता के दौर में भी अपनी जड़ों से जुड़े रहने का सशक्त संदेश देती हैं। ऑड्रे हाउस में लगी पेंटिंग में उन्होंने विशेष रूप से संथाल समुदाय के जीवन, रीति-रिवाज व प्रकृति के साथ उनके गहरे रिश्ते को दर्शाया है। हेम्ब्रम ने बताया कि आधुनिकता के इस दौर में जब आदिवासी परंपराएं कमजोर हो रही हैं, उनकी पेंटिंग न सिर्फ सांस्कृतिक अभिव्यक्ति व कला सौंदर्य का माध्यम बनती है, बल्कि चेतना जगाने का काम भी करती है। आदिवासी समुदाय का प्रकृति व जीव-जंतुओं के साथ अटूट सामाजिक संबंध मेरी कला में उभर कर सामने आते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *