रीवा में एक डायल-100 कुत्ते को रौंदते हुए निकल गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई है। बुधवार को इसका वीडियो वायरल हुआ। एनिमल और डॉग लवर ने घटना पर कड़ा विरोध जताया है। वह ऐसा करने वाले पुलिसकर्मियों पर जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। एसपी ने मामले को बढ़ता देख जांच के निर्देश दिए हैं। हालांकि डायल-100 में बैठे पुलिसकर्मी कौन हैं उसकी पहचान नहीं हो सकी है। घटना दूध मंडी के पास एक गली में 14 जनवरी तड़के 4 बजे की है। वीडियो में एक कुत्ता सड़क पर सोते हुए दिख रहा है। गली में सामने से डायल-100 आती है और वह उस पर चढ़ते हुए चली जाती है। गाड़ी ऊपर से चढ़ने के बाद कुत्ता कराहता देखा जा सकता है। पुलिस की संवेदनशीलता पर सवाल डॉग और एनिमल लवर अंकित सिंह ने कहा कि जिस तरह से पुलिस की गाड़ी डॉग को कुचलते हुए आगे निकल गई, बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसी घटनाओं की वजह से पुलिस पर संवेदनहीन होने का ठप्पा लग जाता है। कड़ाके की ठंड के मौसम में जब बेजुबान जानवर वैसे ही मशक्कत कर रहे हैं, उस समय पुलिस की गाड़ी उनको कुचल रही है। एसपी ने दिए जांच के निर्देश मामला सामने आने के बाद एसपी विवेक सिंह ने बताया कि यह घटना जानबूझकर की गई या फिर अनजाने में हुई, इसकी जांच की जा रही है। हालांकि गाड़ी थोड़ी देर के लिए रुकी थी, लेकिन शायद पुलिसकर्मी समझ नहीं पाए की डॉग जख्मी हो गया है। घटना दुखद है, जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी, पुलिसकर्मियों से पूछताछ की जाएगी।


