सरगुजा जिले के बिरीमकेला में पति ने शराब पीने के लिए पत्नी से पैसे मांगे। पत्नी को महतारी वंदन की किश्त मिली थी। पत्नी ने पैसे देने से इंकार कर दिया तो आक्रोशित पति ने उसे लकड़़ी की फारी से बेदम पीटा। इलाज के दौरान घायल पत्नी की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। घटना बतौली थानाक्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम बिरीमकेला निवासी पहल राम कोरवा ने 08 दिसंबर की शाम पत्नी सनमुनी कोरवा से शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। सनमुनी कोरवा को महतारी वंदन की किश्त मिली थी, जिसमें से कुछ रकम वह घरेलू खर्चे के लिए निकालकर लाई थी। पति को सनमुनी कोरवा ने पैसे देने से इंकार कर दिया तो पहल राम कोरवा ने विवाद करते हुए लकड़ी की फारी से सनमुनी से मारपीट की एवं उसका सिर दीवार से टकरा दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
घायल सनमुनी कोरवा को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीतापुर में दाखिल कराया गया था। मारपीट में सनमुनी को अंदरूनी चोटें आई थीं। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में सीतापुर थाने में मर्ग कायम किया गया था। बतौली थाने को मर्ग डायरी मिलने पर पुलिस ने धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज किया। आरोपी पति गिरफ्तार, जेल दाखिल
बतौली थाना प्रभारी अशोक शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी पति पहल राम (40) को शनिवार को गिरफ्तार किया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


