भीलवाड़ा के सरकारी मेडिकल कॉलेज के इंटर्न डॉक्टरों ने हॉस्पिटल के बाहर जमकर लाठियां चलाई। खाने की लाइन में हुई धक्का-मुक्की और अभद्र भाषा को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान इंटर्न डॉक्टर नशे की हालत में थे, डॉक्टरों के दो गुटों में गाली-गलौज हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस इंटर्न डॉक्टरों को उठाकर मेडिकल कराने अस्पताल ले गई। ट्रॉमा सेंटर के बाहर दोनों गुट फिर से भिड़ गए। एक इंटर्न डॉक्टर लट्ठ ले आया और दूसरे को पीटने लगा। इस दौरान यहां मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया। वीडियो में एक महिला उन्हें रोकने की कोशिश भी करती दिख रही है। पुलिस ने 3 इंटर्न डॉक्टर्स को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। हालांकि बाद में समझौता होने पर छोड़ दिया। मामला सुभाष नगर थाना क्षेत्र के राजमाता विजयाराजे सिंधिया मेडिकल कॉलेज में पिनाका मेडफेस्ट के दौरान गुरुवार रात 11 बजे का है। इसका वीडियो शनिवार दोपहर सामने आया। ट्रॉमा सेंटर के बाहर भिड़े सुभाष नगर SHO कैलाश चंद्र बिश्नोई ने बताया कि गुरुवार रात को सांगानेर में स्थित मेडिकल कॉलेज में फेस्ट का आयोजन किया गया था। इस दौरान 2 गुट आपस में खाने को लेकर हुई बात पर भिड़ गए। 3 युवकों को शांति भंग में गिरफ्तार करके लाया था। इंटर्न डॉक्टरों को मेडिकल कराने के लिए MGH अस्पताल ले गए थे। वहां भी दोनों पक्ष भिड़ गए, ऐसे में शांति भंग में 3 को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद दोनों पक्ष थाने में पेश हुए और समझौता कर लिया था। दोनों पक्षों ने रिपोर्ट भी वापस ले ली। सख्त कार्रवाई होगी मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. वर्षा सिंह ने बताया- खाने को लेकर विवाद हुआ और मारपीट हो गई। कॉलेज प्रशासन इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा। कॉलेज में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गाली-गलौज करने का आरोप वीडियो में दो गुट आपस में भिड़ते हुए नजर आ रहे हैं। एक दूसरे पर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगा रहा है। इतने में इंटर्न डॉक्टर लट्ठ ले आता है और दूसरे गुट पर हमला कर देता है। यहां खड़ा होमगार्ड इसका वीडियो बनाते नजर आ रहा है। वहीं अस्पताल की महिला स्टाफ भी इंटर्न डॉक्टर्स को रोकने की कोशिश करती है। एक का बाजू पकड़ कर खींचती हुई नजर आ रही है। वहीं डॉक्टर यह कहता है कि तूने गाली कैसे दी ?


