नेपानगर में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के एक मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने मसक नदी की पुलिया से शराब से भरे कुछ कार्टून नीचे फेंक दिए, लेकिन पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। थाना प्रभारी ज्ञानू जायसवाल के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति नेपानगर से सीवल की ओर बाइक पर पीले रंग की थैली में अवैध अंग्रेजी शराब ले जा रहे हैं। सूचना पर प्रधान आरक्षक हेमराज कैथवास और आरक्षक गजेंद्र सीवल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। 9 हजार की शराब जब्त पकड़े गए आरोपियों की पहचान विजय अहिरवार (38 वर्ष, निवासी ई-टाइप नेपानगर) और सचिन बिल्लोरे (29 वर्ष, निवासी शास्त्री नगर) के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से 42 बोतल बियर (कुल 21 लीटर, कीमत 5,460 रुपए) और बॉम्बे कंपनी के 50 क्वार्टर देशी प्लेन शराब (कुल 9 लीटर, कीमत 3,500 रुपये) बरामद की गई। कुल जब्त शराब की कीमत 8,960 रुपए है। पुलिया से फेंके गए कार्टून की जांच करने पर पाया गया कि लगभग 25 लीटर शराब नष्ट हो गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34-2 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।


