हरदा में स्वदेशी जागरण मंच की ओर से बुधवार को 9 दिवसीय स्वदेशी मेले का शुभारंभ किया गया। मिडिल स्कूल ग्राउंड में 15 से 23 जनवरी तक चलने वाले इस मेले का उद्घाटन रामलला की प्रतिमा के विधिवत पूजन के साथ किया गया। इंदौर से लाई गई रामलला की यह प्रतिमा, अयोध्या में स्थापित मूल प्रतिमा के समान है। आयोजकों अमन माहेश्वरी और संकल्प जैन के अनुसार यह प्रतिमा उन श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था है, जो अयोध्या जाकर दर्शन नहीं कर पाए हैं। यह कदम 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्रतिमा की स्थापना की पहली वर्षगांठ के अवसर पर उठाया गया है। 136 दुकानें लगाई गई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को बढ़ावा देने के लिए मेले में 136 दुकानें स्थापित की गई हैं। इनमें जिले और प्रदेश के स्वदेशी उत्पादों को प्रमुखता दी गई है। स्थानीय महिलाओं द्वारा निर्मित पापड़, अचार जैसे घरेलू उत्पाद भी मेले का हिस्सा हैं। मेले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। मेले में सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने के लिए विशेष आयोजन किए जाएंगे। भुआणा अंचल की परंपरागत कलाओं का प्रदर्शन होगा, जिसमें मां गणगौर उत्सव, जनजाति गीत, लोक नृत्य, कठपुतली, गैर और काठि नृत्य शामिल हैं। यह मेला स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय कला और संस्कृति के संरक्षण का भी मंच बनेगा। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूलों की व्यवस्था मेले में पांच महापरिवर्तन प्रदर्शनी और सेल्फी स्वदेशी जोन बनाया गया है। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले और खेल सामग्री की व्यवस्था की गई है। स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए साफ-सफाई रखने वाले दुकानदारों को सम्मानित करने की योजना भी बनाई है।


