लखनऊ में HMPV से रिकवर हुई महिला की मौत:बलरामपुर अस्पताल में चल रहा था इलाज, KGMU की जांच रिपोर्ट में आई थी पॉजिटिव

लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल में भर्ती बुजुर्ग महिला आशा शर्मा की मौत हो गई। बुजुर्ग महिला को HMPV पॉजिटिव होने के बाद लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल में भर्ती किया गया था। यहां भर्ती करने के बाद सैंपल की जांच KGMU में हुई थी। जिसमें रिपोर्ट नेगेटिव बताते हुए रिकवर करार दिया था। बलरामपुर अस्पताल में डॉ. एके गुप्ता और डॉ. विष्णु की निगरानी में महिला का इलाज चल रहा था। 11 नंबर आइसोलेशन वॉर्ड में भर्ती किया गया था। सोमवार-मंगलवार की रात लगभग डेढ़ बजे के करीब महिला की हालत बेहद गंभीर होने पर ICU वॉर्ड में शिफ्ट किया गया। इस बीच मंगलवार को दिन में करीब 11 बजे मौत हो गई। खांसी और बुखार की थी समस्या मोती नगर के नेहरू नगर हनुमान मंदिर के पास रहने वाली बुजुर्ग महिला को 22 नवंबर से खांसी और बुखार की समस्या शुरू हुई थी। स्थानीय डॉक्टरों के इलाज से फायदा न होने पर उन्हें जनवरी में कानपुर रोड स्थित निजी अस्पताल में दिखाया गया। डॉक्टरों ने महिला में निमोनिया और HMPV की आशंका जाहिर की थी। सात जनवरी को उनका नमूना लेकर निजी पैथोलॉजी एंड डायग्नोस्टिक सेंटर में जांच कराई गई। जिसमें उनकी रिपोर्ट में HMPV की पुष्टि हुई थी। इसके बाद महिला को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दूसरी कई और बीमारियां थीं डॉक्टरों के मुताबिक, बुजुर्ग महिला को टीबी की बीमारी थी। शुगर बीपी और किडनी से भी जुड़ी परेशानी थी। महिला को किडनी डायलिसिस पर भी रखा गया था। आइसोलेशन वार्ड में एक्सपर्ट चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था पर उसकी हालत लगातार बिगड़ती ही जा रही थी। शुक्रवार को KGMU ने 2 सैंपल की जांच रिपोर्ट की थी जारी बीते शुक्रवार को KGMU ने बुजुर्ग महिला के 2 सैंपल की जांच रिपोर्ट जारी की थी। पहला सैंपल निजी अस्पताल चरक में भर्ती के दौरान का था। जो पॉजिटिव आया था। पर दूसरा सैंपल बलरामपुर अस्पताल में भर्ती करने के दौरान का था। उस सैंपल की जांच रिपोर्ट नेगेटिव बताई गई थी। ऐसे में बुजुर्ग महिला को HMPV से रिकवर बताया गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *