बहराइच में तेंदुए ने हमला कर 8 साल की बच्ची को मार डाला। बच्ची परिवार के साथ खेत गई थी। तभी जंगल से निकलकर आए तेंदुए ने बच्ची पर हमला कर दिया। उसे जबड़े से खींचकर ले जाने लगा। घर वालों ने देखा तो चिल्लाने लगे। इस पर आसपास के लोग भी दौड़ पड़े। लोगों को आता देखकर तेंदुआ बच्ची को छोड़कर जंगल में भाग गया। खून से लथपथ बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी गर्दन पर तेंदुए के जबड़े के निशान थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। वन विभाग तेंदुए की तलाश में कांबिंग कर रहा है। ग्रामीणों से सतर्क रहने के लिए कहा गया है। मामला कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में स्थित ककरहा रेंज का है। अब जानिए पूरा मामला… मां-बाप के साथ खेत गई थी बच्ची
तमोलिनपुरवा गांव में बैजनाथ अपनी पत्नी और बेटी शालिनी (8) के साथ रहते हैं। बुधवार दोपहर वह पत्नी और बेटी शालिनी के साथ खेत पर काम करने गए थे। बैजनाथ और उनकी पत्नी काम में बिजी हो गए। वहीं शालिनी खेत के आस-पास खेलने लगी। इसी दौरान गन्ने के खेत में छिपा बैठा तेंदुआ अचानक बाहर निकला और शालिनी पर झपट्टा मार दिया। गर्दन को जबड़े में दबाकर भागने लगा तेंदुआ
तेंदुए ने बच्ची की गर्दन को अपने जबड़े में दबा लिया। इसके बाद उसे खींचकर ले जाने लगा। मां-बाप ने जब देखा, तो शोर मचाते हुए बच्ची की तरफ दौड़ पड़े। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी लाठी-डंडे और फावड़ा लेकर भागे। शोर सुनकर तेंदुआ बच्ची को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। लेकिन, तब तक शालिनी की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों से सतर्क में रहने को कहा
प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिवशंकर ने बताया कि पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता प्रदान की जा रही है। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रख रही है। ग्रामीणों से सतर्क में रहने को कहा है। ग्रामीण खेत की तरफ जाएं तो समूह बनाकर जाएं। 9 दिन पहले भी एक बच्ची पर किया था हमला रमपुरवा बनकटी गांव के कृष्णा नंदन की बेटी सुंदरी (8) अपनी मां के साथ सो रही थी। देर रात बच्ची की मां उसे घर के बाहर नल के पास ले गई। पास में घात लगाकर बैठे तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। एक झटके में बच्ची का गर्दन पकड़ा और उसे खींचकर ले जाने लगा। तभी मां ने बच्ची को पकड़ लिया। मां ने तेंदुए के मुंह पर कई वार किए तो उसने बच्ची की गर्दन छोड़ी। इसके बाद उसने बच्ची के हाथ और कमर पर झपट्टा मारा। इस दौरान मां बच्ची को पकड़े रही और बेटी को तेंदुए से छुड़ाती रही। मां के चिल्लाने की आवाज सुनकर जब लोग दौड़े तब वह बच्ची को छोड़कर भागा। बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उसका इलाज चल रहा है। —————————- यह खबर भी पढ़ें… लखीमपुर में खूंखार हुआ बाघ, युवक का चेहरा खा गया, लगातार दूसरे दिन अटैक; कल लड़के को जिंदा खा गया था लखीमपुर खीरी में आदमखोर बाघ खूंखार हो गया है। 24 घंटे में दूसरी बार हमला किया। खेत में काम करने गए युवक को खींच ले गया। उसके चेहरे पर वार किया। चेहरा और कान खा गया। चीख सुनकर आस-पास काम कर रहे किसानों ने शोर मचाया। लाठी-डंडे लेकर दौड़े तो बाघ युवक को छोड़कर भाग गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उसकी हालत गंभीर है। पढ़ें पूरी खबर…


