अलवर में लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के जावली गांव में शनिवार को बिजली विभाग की सतर्कता टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। विद्युत चोरी की जांच करने गई सतर्कता टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया। िसमें AEN प्रमोद कुमार शर्मा घायल हो गए। इस संबंध में AEN की ओर से थाने में मामला दर्ज कराया गया है। रिपोर्ट में बताया की सहायक अभियंता प्रमोद कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम सरकारी वाहन से सुबह करीब 7 बजकर 25 मिनट पर इन्द्रपाल मीणा पुत्र मंगूलाल मीणा निवासी जावली के घर जांच के लिए पहुंची थी। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने टीम को जांच करने से रोका और फोटो व वीडियो बनाने नहीं दिए। आरोप है कि मौके पर मौजूद लोगों ने टीम को डरा-धमकाकर भगाने का प्रयास किया। इसके बाद रेशम पत्नी मंगूलाल, अनिता पत्नी इन्द्रपाल, भानुमती सहित इन्द्रपाल मीणा एवं अन्य लोगों ने लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा सरकारी वाहन पर पत्थर फेंके। इस दौरान राजकार्य में बाधा भी उत्पन्न की गई। इस प्रकरण में सहायक अभियंता प्रमोद कुमार शर्मा पुत्र रामदयाल शर्मा, निवासी जावली, द्वारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज करने से पूर्व जावली गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस उपाधीक्षक के आदेश पर मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है। (इनपुट:चंद्र प्रकाश)


