केंद्रीय गृह मंत्रालय ने रैंकिंग ऑफ पुलिस स्टेशन-2025 की वार्षिक रिपोर्ट जारी की है। इसमें सरायकेला-खरसावां का चौका थाना देशभर के 18 हजार से अधिक थानों में चौथे स्थान पर है। हर ऑनलाइन एफआईआर तत्काल दर्ज करने, आमजनों से व्यवहार, एक्सीडेंट होने पर पुलिस की गाड़ी से घायलों को अस्पताल पहुंचाने और हर मामले की 60 दिन के भीतर जांच पूरी करने के लिए इस थाने को यह रैंकिंग मिली है। दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के अपराध सहित सभी मामलों की जांच 60 दिन के भीतर पूरी करने का थाने का रिकॉर्ड है। इसी को देखते हुए चयन हुआ। जानिए…किस आधार पर मिली चौथी रैंकिंग ऑनलाइन एफआईआर शत प्रतिशत दर्ज चौका थाने में आने वाले ऑनलाइन एफआईआर को शत प्रतिशत दर्ज किया गया।। साथ ही सीसीटीएनएस डेटाबेस, अपराध के आंकड़े, महिलाओं के विरुद्ध अपराध, कमजोर वर्ग के खिलाफ अपराध, थाने के बुनियादी ढांचे और नागरिकों के फीडबैक के आधार पर इसका चयन किया गया है। थाने में स्वच्छता, आईटी संसाधन, पुलिस संचार और डिजिटल रिकॉर्ड, पुलिस कर्मियों का आमजनों से व्यवहार आदि पहलुओं को भी सर्वे में बेहतर पाया गया। एक्सीडेंट हो तो एंबुलेंस का इंतजार न करो : चौका थाना के तत्कालीन प्रभारी बजरंग महतो ने बताया कि शुरू से ही उन्होंने थाने पर विशेष ध्यान रखा था। चौका थाना एनएच पर है। वहां दुर्धटनाएं आम बात है। किसी भी एक्सीडेंट की सूचना पर उनका साफ निर्देश था कि एंबुलेंस का इंतजार न करो, पुलिस की गाड़ी से ही घायल को अस्पताल पहुंचाआे। इसका काफी असर रहा।


