भास्कर न्यूज | लातेहार स्वयंसेवी संस्था विकास भारती बिशुनपुर ने स्थापना दिवस पर बुधवार को सदर प्रखंड के कोने ग्राम में किसान मेला सह सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन किया। अतिथियों के दीप प्रज्वलन और शहीद नीलाम्बर-पीताम्बर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर विकास भारती के सचिव पद्मश्री डॉ. अशोक भगत ने कहा कि किसान, युवा और महिलाएं स्वावलंबन स्वरोजगार से कैसे जुड़े, इस दिशा में संस्था द्वारा कई कार्य किए जा रहे हैं। लोग इससे जुड़कर कार्य भी कर रहे हैं। विवेकानंद जी के जीवन परिचय एवं उनके द्वारा राष्ट्र के युवाओं के कर्तव्य जीवन के लक्ष्य के प्रति विचारों से भी उपस्थित युवाओं को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति से विकास भारती बिशुनपुर की 42वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। गांव के युवाओं को कौशलयुक्त सह स्वालंबन, शिक्षा स्वरोजगार के क्षेत्र में 42 वर्षों से लगातार संस्था कार्य कर रही है। जिप अध्यक्ष पूनम देवी ने विकास भारती के कार्यों की सहराना करते हुए कहा कि शिक्षा, प्रशिक्षण, स्वास्थ्य और कृषि के क्षेत्र में यह संस्थान कई जन कल्याणकारी कार्य कर रहा है। पूर्व विधायक हरिकृष्ण सिंह ने कहा कि विकास भारती गांव के अंतिम व्यक्ति का विकास कैसे हो, इस सोच के साथ कार्य कर रही है। मौके पर आयोजन समिति के अध्यक्ष कोमल सिंह, सचिव संतोष सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपने फसल की प्रदर्शनी लगाई। इस दौरान, सभी किसानों को कृषि औजार देकर पुरस्कृत किया गया। संस्था के धनंजय कश्यप ने धन्यवाद ज्ञापन किया।


