न्यू दमोह में अज्ञात युवक की हत्या:कचरे के ढेर में लाश देखकर रहवासियों ने की सूचना

दमोह से सटे न्यू दमोह में रविवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिला है। पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना मिलते ही एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी, कोतवाली और देहात थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। देहात थाना क्षेत्र के न्यू दमोह में सड़क किनारे कचरे के ढेर में यह शव मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने घटनास्थल का दौरा किया। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। अज्ञात युवक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और पुख्ता हो गई है। उन्होंने यह भी बताया कि यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है और पुलिस उसकी पहचान के प्रयास कर रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। संवेदनशील क्षेत्र के लिए निगरानी एसपी ने आगे बताया कि यह इलाका संवेदनशील है और यहां लगातार अवैध गतिविधियां होती रहती हैं। क्षेत्र में 44 कैमरे लगाए गए हैं, जिनके जरिए निगरानी की जा रही है। साथ ही, खाली पड़े क्वार्टरों में एसएएफ (विशेष सशस्त्र बल) के जवानों को ठहराने की व्यवस्था भी की जा रही है। इसका उद्देश्य आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों द्वारा लगातार की जा रही घटनाओं पर अंकुश लगाना है। गौरतलब है कि न्यू दमोह में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पिछले एक सप्ताह के भीतर तीन युवकों पर चाकू से हमला कर लूटपाट का प्रयास भी किया गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *