लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत बजरमरी टोला में शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने एक सनसनीखेज चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने टुनेश्वर यादव के घर के सभी सदस्यों को कमरों में बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया और बेखौफ होकर घर में चोरी कर फरार हो गए। इस वारदात में चोरों ने करीब 1.50 लाख रुपए की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित टुनेश्वर यादव ने बताया कि शनिवार की रात खाना खाने के बाद पूरा परिवार सो गया था। रात करीब 12 से 1 बजे के बीच चोर घर में घुसे और सबसे पहले मुख्य दरवाजों को बाहर से बंद कर दिया, ताकि कोई बाहर न निकल सके। इसके बाद चोरों ने आराम से घर के भीतर रखे गोदरेज और बक्सों के ताले तोड़ना शुरू किया। नकदी-जेवरात ले गए चोर, आंगन में मिले खून के धब्बे चोरों ने घर से 50 हजार रुपये नकद और करीब एक लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के बाद जब परिवार किसी तरह बाहर निकला तो आंगन में जगह-जगह खून के धब्बे मिले। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोरी के दौरान किसी चोर को गंभीर चोट लगी है। टुनेश्वर यादव ने बताया कि चोरों ने उन्हें उनके ही घर में कैद कर दिया था। रात में उनकी बहन की नींद खुली, तब उसने कुछ हलचल महसूस की और शोर मचाया। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भी जागे और बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। काफी मशक्कत के बाद किसी तरह कुंडी खोलकर जब सभी बाहर आए, तब तक चोर फरार हो चुके थे। आंगन में फैला खून देखकर पूरा परिवार दहशत में आ गया। पुलिस जांच में जुटी, जल्द गिरफ्तारी का दावा घटना की सूचना मिलते ही मनिका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित टुनेश्वर यादव ने थाने में लिखित आवेदन देकर चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस आंगन में मिले खून के नमूनों और आसपास के हालात के आधार पर जांच कर रही है। थाना प्रभारी शशि कुमार ने बताया कि यह गंभीर मामला है और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इधर इस घटना के बाद बजरमरी टोला और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।


