कोटा में चाइनीज मांझे प्रतिबंध के बाद भी बिक रहे है। बिक्री के खिलाफ निगम की टीमें लगातार सर्च कर रही है और कार्रवाई भी हो रही है लेकिन उसके बाद भी दुकानदार चोरी छिपे चाइनीज मांझे बेच रहे हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि निगम की तरफ से लगातार एक्शन लिया जा रहा है। रविवार को भी कैथून इलाके में सर्च अभियान चलाया गया। पतंगों की दुकानों पर जांच की गई। इस दौरान तीस चाइनीज मांझे के रोल मिले। दुकानदारों ने गोदाम में छिपाकर रखे हुए थे। जांच में चाइनीज मांझे मिले जिन्हें मौके पर ही जलाकर नष्ट किया गया। इसी तरह एक दिन पहले ही कैथूनीपोल इलाके में, रामतलाई, गंदीजी की पूल, बोरखेडा इलाके भी कार्रवाई करते हुए 123 रोल बरामद किए गए थे और उन्हें जब्त कर जलाया गया था। पिछले तीन चार दिन से निगम की टीमें शहर में दुकानों पर औचक निरीक्षण कर रही है और चाइनीज मांझे मिल भी रहे हैं। दुकानदारों को चेतावनी दी गई। लेकिन हर बार दुकानों पर चाइनीज मांझे मिल रहे है। सीएफओ राकेश व्यास ने बताया कि शहर में लगातार सर्च और चाइनीज मांझे को जलाकर नष्ट करने की कार्यवाही जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि अब और सख्ती की जाएगी और कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।


