शाजापुर में लगा जैविक-प्राकृतिक हाट बाजार:किसानों ने बेचे रसायनमुक्त उत्पाद; उपभोक्ताओं को मिला सीधा लाभ

शाजापुर जिला मुख्यालय पर महुपुरा स्थित पुरानी नगर पालिका के पास रविवार को जैविक और प्राकृतिक हाट बाजार का आयोजन किया गया। इस हाट में जिलेभर से आए जैविक और प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाकर बिक्री की। किसानों ने अनाज, दालें, सब्जियां, फल, मसाले सहित अन्य रसायनमुक्त उत्पाद उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराए। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में कृषि और संबद्ध विभागों की ओर से जैविक और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। इस आयोजन का उद्देश्य जैविक उत्पादन करने वाले किसानों को अपने उत्पादों के विक्रय के लिए उपयुक्त मंच उपलब्ध कराना और आमजन को शुद्ध, सुरक्षित और रसायनमुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। किसानों को बेहतर दाम, लोगों को शुद्ध खाद्य हाट बाजार के जरिए किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है, वहीं उपभोक्ताओं को सीधे किसानों से गुणवत्तापूर्ण उत्पाद खरीदने का अवसर मिल रहा है। उपसंचालक कृषि आर.एल. जामरे ने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में जैविक हाट बाजार में पहुंचकर जैविक और प्राकृतिक उत्पादों की खरीदी कर इस अभिनव पहल को सफल बनाएं। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष टंकी चौराहे स्थित पुरानी मंडी में भी जैविक हाट बाजार लगाया गया था, लेकिन लोगों की कम उपस्थिति के कारण उसे बंद करना पड़ा था। इस बार बेहतर स्थान और जागरूकता के साथ आयोजन किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *