कांग्रेस का ‘अरावली बचाओ-देश बचाओ’ पैदल मार्च:बोले- यह राजस्थान की जीवन रेखा, इससे छेड़छाड़ पीढ़ियों के लिए घातक साबित होगी

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संपदाओं की रक्षा के लिए रविवार को गढ़ी ब्लॉक कांग्रेस ने ‘अरावली बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत नगर में पैदल मार्च निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। दोपहर में परतापुर-गढ़ी नगरपालिका कार्यालय से यह जन-आंदोलन शुरू हुआ, जो नगर के विभिन्न मुख्य मार्गों और व्यस्त बाजारों से होता हुआ ऐतिहासिक गणेश मंदिर परिसर पहुंचा। बोले- यह राजस्थान की जीवनरेखा ​पैदल मार्च का नेतृत्व कर रहे गढ़ी ब्लॉक अध्यक्ष दशरथ सिंह वाघेला ने इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अरावली पर्वतमाला केवल पहाड़ नहीं, बल्कि राजस्थान की जीवनरेखा है। इसके साथ हो रही छेड़छाड़ आने वाली पीढ़ियों के लिए घातक सिद्ध होगी। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर पर्यावरण की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी अरावली के अस्तित्व को बचाने के लिए सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेगी। ​इस मार्च में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं और कार्यकर्ताओं का भारी उत्साह देखने को मिला। नगर भ्रमण के दौरान कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण चेतना और अरावली संरक्षण से जुड़े नारे लगाकर आमजन को इस अभियान से जुड़ने की अपील की। कार्यक्रम में दिनेश पंड्या, सतीश टेलर, शाश्वत गरासिया, परेश डिंडोर, गोविंद भगोरा, हंतोक चरपोटा और गायत्री खांट सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी व भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि अरावली के अवैध खनन और कटाव पर लगाम नहीं लगाई गई, तो आने वाले समय में क्षेत्र को गंभीर जल संकट और सूखे का सामना करना पड़ेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *