श्योपुर में गांधी प्रतिमा क्षतिग्रस्त, लोगों में आक्रोश:गांधी विचार मंच ने की 7 दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

श्योपुर के सोइंकला गांव में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। यह घटना शुक्रवार देर रात गांधी पार्क में हुई। रविवार को गांधी विचार मंच सहित कई सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने गांधी पार्क में इकट्ठा होकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ‘महात्मा गांधी अमर रहें’ के नारे लगाए और कोतवाली पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने डिप्टी कलेक्टर संजय जैन को सौंपे ज्ञापन में मांग की कि सात दिन के भीतर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और उन पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) लगाया जाए। ज्ञापन में कहा गया कि राष्ट्रपिता की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाना सिर्फ कानून-व्यवस्था का उल्लंघन नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय मूल्यों पर भी हमला है। नागरिकों ने प्रशासन से असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और सख्त धाराओं में मामला दर्ज करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन में क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर जल्द ही महात्मा गांधी की नई प्रतिमा स्थापित करने का भी आग्रह किया गया, ताकि लोगों की आस्था और सम्मान बहाल हो सके। इस विरोध प्रदर्शन में गांधी विचार मंच, संयुक्त किसान मोर्चा, महात्मा गांधी सेवा आश्रम, भारतीय किसान यूनियन, सेवा दल और गायत्री परिवार सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे। प्रदर्शनकारियों ने जोर देकर कहा कि सोइंकला सहित पूरे जिले में शांति और सद्भाव बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *