पंजाब के फाजिल्का जिले के अबोहर में कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे का फायदा उठाकर चोरों ने सक्रियता बढ़ा दी है। शनिवार रात शहर के शंकर मार्केट स्थित एक करियाना दुकान में अज्ञात चोरों ने हजारों रुपए के सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस घटना का पता रविवार सुबह चला। इसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया। ताले तोड़कर अंदर घुसे चोर रिद्धि-सिद्धि कॉलोनी निवासी दुकान संचालक कुलदीप कुमार ने बताया कि वे शनिवार शाम को अपनी दुकान रोजाना की तरह बंद करके गए थे। रविवार सुबह जब उनका कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचा, तो उसने दुकान के ताले टूटे हुए देखे। कुलदीप कुमार ने मौके पर पहुँचकर जांच की तो पाया कि चोरों ने पहले शटर के ताले तोड़े और फिर अंदर लगे कांच के शीशे को तोड़कर प्रवेश किया। हजारों का सामान ले उड़े पीड़ित दुकानदार के अनुसार, चोरों ने गल्ले में रखी करीब 500 रुपए की नकदी और दुकान से हजारों रुपए का कीमती सामान चोरी कर लिया है। घटना के बाद व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल है। पुलिस ने मौके का मुआयना कर अज्ञात चोरों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।


