कोटा में दलदल में फंसे बच्चे,1 घंटे तक चीखते रहे:पत्थर डालकर लोगों ने रास्ता बनाया, साड़ी और रस्सी से बांधकर बाहर निकाला

कोटा में स्टोन फैक्ट्री की पॉलिश (स्लरी) के दलदल में तीन बच्चे फंस गए। दलदल 4 फीट गहरा था। जान बचाने के लिए एक घंटे तक बच्चे चीखते रहे, लेकिन फैक्ट्रियों की मशीनें चालू होने की वजह से किसी ने बच्चों की आवाज नहीं सुनी। जैसे ही मशीनें बंद हुईं लोगों को घटना का पता लगा। आसपास के लोग भागकर पहुंचे और और दलदल में पत्थर डालकर रास्ता बनाया। फिर बच्चों को निकालने लगे, लेकिन सफल नहीं हुए। आधे घंटे बाद साड़ी और रस्सी से बांधकर बाहर निकाला। घटना रामगंजमंडी क्षेत्र के अमरपुरा स्थित औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार दोपहर 1 बजे के आसपास हुई। अब देखिए, घटना से जुड़ी 3 PHOTOS.. खेलते-खेलते तीनों बच्चे दलदल में उतरे
स्थानीय लोगों ने बताया- कुम्भकोट और अमरपुरा के बीच सैकड़ों कोटा स्टोन की फैक्ट्रियां हैं। यहां निजी जमीन पर डंपिंग यार्ड बना हुआ है,जहां कोटा स्टोन की स्लरी डाली जाती है। दोपहर में मजदूर कैलाश के 2 बच्चे एक अन्य बच्चे के साथ खेल रहे थे। कैलाश घटनास्थल से 300 मीटर दूर एक फैक्ट्री में काम करता है, जबकि उसकी पत्नी मांगी बाई घटनास्थल के पास ही एक अन्य फैक्ट्री में काम करती है। बच्चे मां के पास ही थे। इसी बीच खेलते-खेलते तीनों बच्चे दलदल में उतर गए। एक बच्चे की उम्र करीब 11 साल, दूसरे की 8 साल और तीसरे की 7 साल है। दो बच्चे कमर तक धंसे हुए थे, जबकि सबसे छोटा बच्चा गले तक दलदल में फंसा हुआ था।
पत्थर डालकर रास्ता बनाया
स्थानीय लोगों ने बताया कि बच्चों को बचाने के लिए आसपास पड़े पत्थरों को दलदल में डालकर रास्ता बनाया गया। फिर पत्थर पर चलकर बच्चों तक पहुंचे। साड़ी और रस्सी बांधकर बच्चों को बाहर निकाला गया। रेस्क्यू में करीब आधा घंटा लगा। दलदल 3 से 4 फीट गहरा था। ग्रामीणों ने प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों ने बताया- यह दलदल अमरपुरा की 11 नंबर गली में स्थित एक निजी व्यक्ति की भूमि पर है, जहां बिना किसी बाउंड्री वॉल या सुरक्षा इंतजाम के कोटा स्टोन फैक्ट्री की स्लरी खाली की जा रही है। यह स्थान लंबे समय से खुला पड़ा है और पहले भी यहां हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खुले पड़े स्लरी के दलदलों को तुरंत बंद कराया जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी और मासूम की जान खतरे में न पड़े। तहसीलदार बोलीं- जमीन मालिक के खिलाफ कार्रवाई होगी
तहसीलदार नेहा वर्मा ने बताया- यह घटना दोपहर की है। खेलते समय तीन बच्चे दलदल में फंस गए। पता लगने पर स्थानीय लोगों ने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। मामले की जांच करवाई जा रही है। यह जमीन किसकी है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *