सीकर में लेपर्ड का हमला, 2 ग्रामीण घायल:गधे का शिकार कर सरसों के खेत में छिपा, रेस्क्यू के लिए पहुंचा वन विभाग

सीकर के लक्ष्मणगढ़ के बनाई गांव में लेपर्ड ने दो लोगों पर हमला कर दिया। हमले में एक व्यक्ति के पैर तो दूसरे के हाथ में चोट लगी है।ग्रामीणों के अनुसार लेपर्ड सरसों के खेत में छिपा है। लेपर्ड की मौजूदगी की सूचना मिलने पर लक्ष्मणगढ़ वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से खेत को चारों ओर से घेर लिया। इससे पहले लेपर्ड ने गांव के एक जोहड़े में गधे का शिकार भी किया है। साथ ही भागीरथ और मुकनाराम पर हमला कर दिया। भागीरथ के हाथ और मुकनाराम के पैर में चोट लगी है। जिला अस्पताल में इलाज के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई है। सबसे पहले देखिए, लेपर्ड के हमले से जुड़े 5 PHOTOS… नेछवा में दिखा था पहली बार
क्षेत्र में लेपर्ड की पहली गतिविधि 21 दिसंबर को नेछवा क्षेत्र की चारणों की ढाणी में दर्ज की गई थी। उस समय वन विभाग और ग्रामीणों ने लेपर्ड को सरसों के खेत में घेर लिया था। जयपुर वन विभाग को भी सूचित किया गया, लेकिन रात होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन नहीं हो सका और सुबह होने से पहले लेपर्ड वहां से निकल गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने लेपर्ड के पगमार्क के आधार पर कई गांवों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। अगले दिन शाम को जयपुर से आई टीम वापस लौट गई, जबकि सीकर वन विभाग की टीम लगातार लेपर्ड की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। जेठवा गांव में भी दिखी लेपर्ड की गतिविधि
बुधवार शाम को फतेहपुर उपखंड के जेठवा का बास में भी लेपर्ड की गतिविधि देखी गई थी। वन विभाग ने वहां पिंजरा और जाल लगाए, लेकिन लेपर्ड वहां से भी निकल गया। इसके बाद गुरुवार को लक्ष्मणगढ़ के बनाई गांव में लेपर्ड की मौजूदगी सामने आई। वन विभाग की टीम लेपर्ड को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, रात के समय घरों से बाहर न निकलने और बच्चों को अकेला न छोड़ने की अपील की है। ग्रामीणों का मानना है कि क्षेत्र में एक ही लेपर्ड लगातार अलग-अलग गांवों में घूम रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *