महवा-मंडावर-राजगढ़ हाईवे 4-लेन निर्माण के लिए 862.22 करोड़ स्वीकृत:NH-21 पर फ्लाईओवर समेत 3 बाईपास भी बनेंगे; कृषि मंत्री और महवा विधायक ने जताया आभार

केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने महवा-मंडावर-राजगढ़ हाईवे को 4-लेन निर्माण के लिए 862.22 करोड़ रुपए बजट स्वीकृति जारी कर दी है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी ने जानकारी देते हुए बताया कि राजस्थान में राष्ट्रीय राजमार्ग-921 के महवा-मंडावर-राजगढ़ सेक्शन को पेव्ड शोल्डर के साथ 4-लेन बनाने के लिए 862.22 करोड़ रुपए की लागत के साथ स्वीकृति दी गई है। यह परियोजना प्रस्तावित महवा बाईपास के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-21 के जंक्शन से शुरू होती है और कोठी नारायणपुर के पास राज्य राजमार्ग-25 पर खत्म होती है। इस परियोजना में ट्रैफिक फ्लो और सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-921 के साथ अपने जंक्शन के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-21 पर एक फ्लाईओवर का निर्माण शामिल है। उन्होंने बताया कि कुल 11.25 किमी लंबाई के तीन महवा बाईपास (4.8 किमी), मंडावर बाईपास (3.99 किमी) और गढ़ी सवाईराम बाईपास (2.45 किमी) भी बनाए जाएंगे। सड़क की बनावट और ड्राइविंग सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए माचडी मोड़ पर 1.45 किमी लंबाई का री-अलाइनमेंट शामिल है। इससे वाहन चालकों को सुविधा मिलेगी। गड़करी से मिले थे कृषि मंत्री और विधायक महवा-राजगढ हाईवे के फोरलेन निर्माण की मांग को लेकर करीब 4 माह पहले कृषि मंत्री डॉ किरोडीलाल मीणा और महवा विधायक राजेन्द्र मीणा ने केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री गडकरी से मुलाकात कर फोरलेन निर्माण की मांग की थी। उस दौरान इन्होंने ग्राम पंचायत समलेटी, ठेकड़ा व अन्य पंचायतों से बाइपास निर्माण के सर्वे को मीन भगवान मंदिर की परिधि से बाहर करने को लेकर मांग की थी। ऐसे में बजट स्वीकृति मिलने पर कृषि मंत्री और महवा विधायक ने केन्द्रीय मंत्री का आभार जताया। महवा विधायक ने जताया आभार स्थानीय विधायक राजेंद्र मीणा ने कहा कि पिछले दिनों केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट कर महवा विधानसभा क्षेत्र में महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के निर्माण हेतु आग्रह किया गया था। इसी क्रम में आज महवा-मंडावर-राजगढ़ सेक्शन को पेव्ड शेल्डर सहित 4 लेन में विकसित किए जाने हेतु 862.22 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। परियोजना का यह कार्य क्षेत्रीय यातायात को सुगम बनाने, सड़क सुरक्षा में वृद्धि करने तथा आर्थिक गतिविधियों को गति प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का महवा की जनता की ओर से आभार-धन्यवाद। मंत्री डॉ किरोड़ी लाल मीणा के मार्गदर्शन में महवा क्षेत्र में सार्वजनिक अवसंरचना का निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण निरंतर प्रगति पर है, जो क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *